15 जून को लद्दाख़ स्थित गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई ख़ूनी झड़प में भारत के 20 सैनिकों की मौत, जबकि 76 अन्य घायल हो गए थे।
अल-जज़ीरा ने नाम ज़ाहिर नहीं करने की शर्त पर भारतीय सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट दी है कि सोमवार को गलवान घाटी में जहां झड़प हुई थी, वहां से चीनी सेना को अपने टैंट उखाड़ते हुए देखा गया।
सूत्रों का कहना है कि इस इलाक़े से और इसी तरह से हॉट स्प्रिंग्स और गोगरा इलाक़ों से सैन्य वाहन वापस लौट रहे हैं।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ज़्हाओ लिजियान से जब चीनी सैनिकों के गलवान घाटी से पीछे हटने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहाः दोनों ही पक्ष सीमा पर तनाव कम करने के लिए प्रभावी क़दम उठा रहे हैं।
ज़्हाओ का कहना थाः हमें उम्मीद है कि दोनों पक्षों के बीच जो सहमति बनी है, उसके मुताबिक़ ठोस क़दम उठाए जायेंगे और सीमा पर स्थिति को शांत बनाने के लिए कूटनीतिक और सैन्य स्तर पर संपर्क जारी रखेंगे।
दुनिया के दो सबसे आबादी वाले तथा परमाणु संपन्न पड़ोसी देशों के बीच पिछले कई हफ़्तों से तनाव जारी था और दोनों ही देश एक दूसरे पर द्विपक्षीय सीमा समझौतों के उल्लंघन का आरोप लगा रहे हैं।